रविवार, 6 सितंबर 2026

देवास पुलिस की बड़ी सफलता, 26 साल से फरार दण्डित बंदी गिरफ्तार, डकैती के मामले में 1999 में मिली थी सजा, मक्सी रेलवे स्टेशन से पुलिस अभिरक्षा से हुआ था फरार | Kosar Express


देवास। देवास पुलिस ने 26 वर्षों से फरार चल रहे दण्डित बंदी बुद्धेसिंह उर्फ बुधिया को गिरफ्तार कर लंबे समय से चली आ रही फरारी का अंत कर दिया है।

दरअसल, बुद्धेसिंह उर्फ बुधिया को उसके साथियों के साथ डकैती के प्रकरण में वर्ष 1999 में धारा 396 और 395 भादवि के तहत सजा सुनाई गई थी। सजा के बाद उसे जेल भेजा गया था।

9 जुलाई 1999 को एक लंबित प्रकरण में पेशी के लिए दण्डित बंदियों को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय ले जाया गया था। पेशी के बाद मक्सी रेलवे स्टेशन से सभी दण्डित बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए थे। इस मामले में जीआरपी उज्जैन में प्रकरण दर्ज किया गया था।

देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत लंबे समय से फरार आरोपियों और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, भौतिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से बुद्धेसिंह की तलाश शुरू की।

पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि फरार दण्डित बंदी ग्राम बोरी के जंगल क्षेत्र में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर बुद्धेसिंह उर्फ बुधिया को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्यवाही में बागली थाना प्रभारी निरीक्षक जीवन भिड़ोरे, उनि राकेश चौहान, प्रआर रामप्रताप सिंह चौहान, अरुण चौहान, आर सतीश वास्कले, अनिल सिंह, विशाल चन्द्रवंशी की विशेष भूमिका रही। देवास पुलिस की इस कार्रवाई से 26 वर्ष पुरानी फरारी का अंत हुआ है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.