सोमवार, 2 नवंबर 2026

खातेगांव TI हत्याकांड में बड़ा खुलासा! राहुल जायसवाल निकला शराब तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना, 5 जिलों की पुलिस कर रही छापेमारी, फरार आरोपियों पर ₹10-10 हजार का इनाम | Kosar Express



देवास
के खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना राहुल जायसवाल है, जिसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, 2 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदा जिले के टिमरनी से आयशर वाहन क्रमांक MP43 H 4786 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है।

पुलिस टीम ने संदलपुर फाटा स्थित नर्मदा ढाबे के सामने नाकेबंदी की। इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पुरी ने वाहन चालक को तलाशी के लिए नीचे उतरने को कहा, लेकिन चालक ने उन्हें जान से मारने की नीयत से वाहन से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। उपचार के दौरान TI दिलीप पुरी का निधन हो गया, जबकि आरक्षक सोहन जाट भी घायल हुए।

घटना के बाद पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरे आयशर वाहन को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि इस तस्करी नेटवर्क का संचालन राहुल जायसवाल करता था। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग शराब दुकानों से अवैध शराब की सप्लाई विभिन्न क्षेत्रों में की जाती थी और पूरे कारोबार की रकम राहुल जायसवाल के पास जमा होती थी। इसके बाद वह अन्य साझेदारों को उनका हिस्सा देता था।

पुलिस ने राहुल जायसवाल, केरम सिंह और इंदौर निवासी विजय राव को अभिरक्षा में लिया है। वहीं, आयशर चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस पूरे मामले में पांच जिलों के पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में अलग-अलग टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर देवास पुलिस अधीक्षक ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है
। फिलहाल पुलिस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

कौसर एक्सप्रेस | देवास

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.