देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना हरदा जिले का राहुल जायसवाल था, जो टिमरनी से गुजरात तक अवैध शराब की सप्लाई का नेटवर्क संचालित करता था।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आयशर वाहन क्रमांक MP43 H 4786 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर हरदा जिले के टिमरनी से गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्नौद के निर्देशन में चार पुलिस टीमें गठित कर नाकेबंदी की गई। इसी दौरान संदलपुर फाटा स्थित नर्मदा ढाबे के सामने अवैध शराब से भरा आयशर वाहन खड़ा मिला।
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने चालक को वाहन से नीचे उतरकर तलाशी देने के लिए कहा, लेकिन चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से आयशर वाहन TI दिलीप पुरी पर चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना में आरक्षक सोहन जाट भी घायल हुए। गंभीर रूप से घायल TI दिलीप पुरी का उपचार के दौरान दुखद निधन हो गया।
घटना के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर अवैध शराब से भरे वाहन को पकड़ लिया। मामले में हत्या सहित विभिन्न धाराओं और आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
चार लोगों की हिस्सेदारी, राहुल के पास जमा होती थी तस्करी की रकम
पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध शराब का ठेका पाटेन्द्र जायसवाल निवासी बड़वानी के नाम पर है। इस कारोबार में राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है, जबकि पाटेन्द्र जायसवाल की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत थी।
पुलिस के मुताबिक, मनीष जायसवाल इंदौर में रहता है, मोहिन जायसवाल गुजरात में और पाटेन्द्र जायसवाल बड़वानी जिले में रहता है। वहीं राहुल जायसवाल हरदा के टिमरनी में रहकर तीनों दुकानों से अवैध शराब की सप्लाई और अलग-अलग क्षेत्रों में तस्करी का नेटवर्क संचालित करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि अवैध शराब के कारोबार से मिलने वाली पूरी रकम राहुल जायसवाल के पास जमा होती थी और बाद में वही अन्य साझेदारों को उनका हिस्सा देता था। पुलिस ने राहुल जायसवाल को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की है। वहीं इंदौर निवासी विजय राव को भी हिरासत में लिया गया है, जिसने राहुल के लिए शराब तस्करी नेटवर्क में काम करना स्वीकार किया है।
पांच जिलों की पुलिस कर रही कार्रवाई
पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पांच जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने जिलों में अलग-अलग टीमें गठित की हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देवास पुलिस अधीक्षक ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
अब पुलिस की जांच का दायरा सिर्फ TI दिलीप पुरी की हत्या करने वाले वाहन चालक तक सीमित नहीं है, बल्कि टिमरनी से गुजरात तक फैले अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क, उसके साझेदारों और आर्थिक लेनदेन तक पहुंच गया है।
कौसर एक्सप्रेस | देवास