सोमवार, 21 सितंबर 2026

देवास: त्योहारों को लेकर देवास में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू, बिना अनुमति जुलूस-धरना और रैली पर रोक | Kosar Express

 



सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व सांप्रदायिक टिप्पणी, विधि विरुद्ध संदेश और हथियार प्रदर्शन भी प्रतिबंधित


देवास। जिले में आगामी त्योहारों को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋतुराज सिंह ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। जिले में कानून व्यवस्था और लोकशांति बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश लागू किया गया है।


जारी आदेश के अनुसार, बिना अनुमति जुलूस, प्रदर्शन, धरना, सभा और रैली आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, पांडाल निर्माण और हथियारों के प्रदर्शन को लेकर भी प्रतिबंधात्मक प्रावधान लागू किए गए हैं। मोबाइल, कंप्यूटर और सोशल मीडिया के माध्यम से विधि विरुद्ध संदेशों का प्रसारण या अग्रेषण, सांप्रदायिक और आपत्तिजनक टिप्पणियां, पोस्टर एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। वहीं किरायेदारों, नौकरों, होटल, धर्मशाला और निजी हॉस्टल में ठहरने वाले लोगों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


आदेश में ग्यारस, अनंत चतुर्दशी, पितृपक्ष, गांधी जयंती, शारदीय नवरात्र, विजयादशमी, शरद पूर्णिमा, दीपावली और छठ पूजा सहित आगामी त्योहारों को ध्यान में रखा गया है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन करना अनिवार्य रहेगा। आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडनीय अपराध होगा। संबंधित एसडीएम और एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.