देवास में मोहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर सीनियर शाही जामा मस्जिद बड़ा बाजार में मोहर्रम कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत मरहूम काजी इरफान अहमद अशरफी को खिराज-ए-अकीदत पेश करते हुए दुआ के साथ हुई।
सीनियर काजी मौलाना नोमान अहमद अशरफी और जूनियर काजी अब्दुल कलाम फारुकी की सरपरस्ती में हुई बैठक में हाजी लियाकत हुसैन मिलन के सफल कार्यकाल को देखते हुए उन्हें सर्वसम्मति से सातवीं बार मोहर्रम कमेटी का सदर नियुक्त किया गया।
बैठक में मोहर्रम के दस दिवसीय पर्व की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। तय किया गया कि मोहर्रम की 7 तारीख को शहर के सभी अखाड़ों का जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 8 तारीख को आलोट पाएगा स्कूल से परंपरागत परचम जुलूस रात 8 बजे निकलेगा।
काजी नोमान अहमद अशरफी ने कहा कि मोहर्रम सैयदना इमाम हुसैन की शहादत और उनके बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से अखाड़ों से जुड़कर अपनी सेहत और अनुशासन को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं काजी अब्दुल कलाम फारुकी ने सभी से मोहर्रम के जुलूस शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ निकालने की अपील की।
बैठक के अंत में उपस्थित उस्तादों, खलीफाओं और समाजजनों ने हाजी लियाकत हुसैन मिलन को सातवीं बार सदर नियुक्त होने पर बधाई दी। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों और सामाजिक संगठनों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजजन मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.